बाबा परमहंस धाम मंदिर बन्नी से मां संकटा देवी धाम तक विशाल कांवड़ यात्रा
महमूदाबाद सीतापुर दिव्य, भव्य और ऐतिहासिक कावड़ यात्रा में शामिल शिवभक्तों का उत्साह धूप व उमस भी कम नहीं कर पाई। धूप में सड़क पर नंगे पैर हजारों की संख्या में शिवभक्तों का जनसमूह पूरे जोश के साथ जयकारे लगाते हुए चल रहा था। महमूदाबाद में इस प्रकार की दिव्य, भव्य, मनोहारी और विशाल शोभायात्रा पहली बार निकली तो लोगों ने स्थान-स्थान पर पुष्पवर्षा करके यात्रा का स्वागत किया।
श्रावण मास के अंतिम सोमवार को बाबा परमहंस धाम बन्नी स्थित सरोवर से जल भरने के साथ विधान सभा कुर्सी के विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा एवं महमूदाबाद की विधायक आशा मौर्या द्वारा पूजन अर्चन के साथ भव्य कांवड़ यात्रा का शुभारंभ हुआ। सरोवर के जल में गंगाजल मिलाकर कांवड़ियों को आंजनेय आशीष वाजपेयी, संजय मिश्र, अनुज गुप्त, अमित वाजपेयी, पवन शुक्ल, शुभम सहित अन्य लोग कलश वितरित कर रहे थे। केसरिया ध्वज हाथ में थामे युवाओं की टोली भक्ति के गानों पर नाचते-गाते वह बम-बम भोले के जयकारे लगाते हुए चल रही थी। कावड़ यात्रा सुंदौली मोड़, ठाकुरपुर, मोतीपुर चौराहा, रमुवापुर, बेलदारी टोला, रामकुंड चौराहा, बजाजा चौराहा पहुंची। बजाजा चौराहे के निकट समाजसेवी अम्बरीश गुप्त ने कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की। यहां से कावड़ यात्रा चिकमंडी चौराहा, तहसील मार्ग होकर मां संकटा देवी धाम पहुंची जहां महाकालेश्वर महादेव मंदिर में स्थापित भगवान नर्मदेश्वर शिवलिंग का जलाभिषेक कर भक्तों द्वारा विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। कावड़ियों के लिये प्रसाद की व्यवस्था विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा के द्वारा की गयी। कांवड़ यात्रा में सीता ग्रुप आफ एजूकेशन के चेयरमैन आरके वाजपेयी, पूर्व चेयरमैन सुरेश वर्मा, मोहन प्रसाद बारी, अंकुश राज विश्वकर्मा, शिवदास पुरवार, कृतार्थ मिश्र, अतुल चित्रांश, जितिन तिवारी, विजय तोमर, अनिल शुक्ल, कमलेश राजपूत, अम्बरीश वर्मा, रवि अवस्थी, किरन वाजपेयी, करूणा, पूनम वर्मा, कामिनी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं।

