क्षेत्राधिकारी नगर वंदना सिंह सहित बेहतर सेवाएँ देने वाली रायबरेली की 35 महिला पुलिसकर्मी हुईं सम्मानित

रायबरेली जनपद में सराहनीय सेवाएँ देने वाली महिला पुलिसकर्मियों को सम्मानित किए जाने हेतु स्थानीय किरण हाल में महिला पुलिस सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। माधव सेवा संस्थान के तत्वाधान में आयोजित इस समारोह के मुख्य अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक नवीन कुमार सिंह रहे। उन्होंने कहा कि बदलते परिवेश में आज महिलाएँ प्रत्येक क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर रही है, जो सराहनीय है, उन्होंने यह भी कहा कि महिला पुलिसकर्मियों की सड़क पर सक्रिय उपस्थित मात्र से आम महिलाओं के अंदर सुरक्षा का भाव उत्पन्न होता है। समारोह में क्षेत्राधिकारी नगर वंदना सिंह, शिवानी वर्मा, शीतल चहल, गुंजन मिश्रा, प्रज्ञा सिंह, नीलम मिश्रा, निहारिका गिरी सहित जनपद की पैंतीस महिला पुलिसकर्मियों को अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौक़े पर क्षेत्राधिकारी नगर वंदना सिंह ने कहा कि पुलिस द्वारा समाज में अच्छा कार्य किये जाने का माधव सेवा संस्थान द्वारा आकलन कर सम्मान दिये जाने का निर्णय सराहनीय है, इससे महिला पुलिसकर्मियों का निश्चित रूप से उत्साहवर्धन होता है। संस्थान के संरक्षक अरविंद श्रीवास्तव, एडवोकेट ने आए हुए अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि मिशन शक्ति और नारी सशक्तीकरण का यह कार्यक्रम विशेष रूप से उन महिला पुलिसकर्मियों के लिए समर्पित है, जो दिन रात मेहनत कर के समाज में प्रत्येक महिलाओं को भयमुक्त वातावरण प्रदान कर रहीं हैं। इस अवसर पर संस्थान की अध्यक्ष प्रियंका अवस्थी और व्यापार मंडल के अध्यक्ष त्रिलोचन सिंह छाबड़ा ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। संस्थान की अध्यक्ष प्रियंका अवस्थी ने बताया कि इस वर्ष महिला पुलिस दिवस को पूरे सप्ताह भर मनाया गया है, 12 सितंबर से प्रारंभ हुए इस कार्यक्रम का समापन आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय में संपन्न हुआ। इस मौक़े पर संस्थान की उपाध्यक्ष उषा किरण सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp